
सरायकेला/कांड्रा।
कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा मोड़ पर बीती रात करीब 1:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरायकेला से कांड्रा होते हुए रांची की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित वन विभाग की बाउंड्री वॉल को जोरदार टक्कर मारते हुए परिसर के भीतर जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वन विभाग की मजबूत बाउंड्री वॉल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
देर रात हुआ हादसा, बाल-बाल बची जान
गनीमत यह रही कि दुर्घटना देर रात 1:00 बजे हुई, जब सड़क और वन विभाग परिसर में लोगों की आवाजाही नहीं थी, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। ज्ञात हो कि कांड्रा मोड़ एक बेहद व्यस्त इलाका है, जहां से चौबीसों घंटे हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों का गुजरना होता है।
तिरपाल से ढका है ट्रक, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में भारी मात्रा में माल लदा हुआ है, जिसे तिरपाल से ढका गया है। सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी।
