
नोवामुंडी/गुवा:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा थाना क्षेत्र के दूधविला और कुदापी जंगल के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने साइकिल ठेलकर जा रहे दो ग्रामीणों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में एक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दूधविला ग्राम के मुंडा साई निवासी सोमा चतोम्बा (45 वर्ष) और उनके साथी सुखराम चतोम्बा (30 वर्ष) मजदूरी का काम खत्म कर बुधवार शाम को वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे जैसे ही वे कुदापी जंगल पार कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही बोलेरो (वाहन संख्या- JH05DB 5384) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में सोमा चतोम्बा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुखराम चतोम्बा के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से घायल सुखराम चतोम्बा को टाटा स्टील की एंबुलेंस से तत्काल नोवामुंडी स्थित टिस्को (Tisco) अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम तक उनका इलाज चल रहा था।
इस असमय मौत के बाद मृतक सोमा चतोम्बा के घर में मातम पसरा हुआ है। सोमा अपने घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिन पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनके पीछे उनकी पत्नी, पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत के बाद बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना प्रभारी और नोवामुंडी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे मृतक का शव, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और साइकिल को कब्जे में लेकर नोवामुंडी थाना पहुंचाया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और दुर्घटना को लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
