
संवाददाता, (नोवामुंडी)
नोवामुंडी में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह से ही तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान नजर आए। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को हुई। स्कूली बच्चे दुपट्टा और कपड़े से सिर व चेहरा ढंककर धूप से बचने का प्रयास करते नजर आए। दिनभर हवा नहीं चलने से उमस और बढ़ गई, जिससे लोग पसीने से तर-बतर होते रहे।
गर्मी का असर बाजारों में भी देखने को मिला, जहां दोपहर के समय सन्नाटा छाया रहा और लोगों की आवाजाही कम रही। देर शाम तक करीब 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

गर्मी से बचने के लिए लोग लस्सी, छाछ, सत्तू, ठंडे पेय और आइसक्रीम का सहारा लेते नजर आए। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाल दिया है तथा आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
