
कांड्रा। कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थित राजू दास के होटल में बीते बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने होटल के लोहे के काउंटर में लगे तीन तालों को काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे कीमती सामान समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी पीड़ित दुकानदार राजू दास को गुरुवार सुबह तब हुई जब वे अपनी दुकान खोलने पहुँचे। उन्होंने पाया कि काउंटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर से डेकची, गमला, कड़ाही व अन्य सभी उपयोगी बर्तन गायब हैं। इसके अलावा चोरों ने एक गैस सिलेंडर, लगभग ₹700 नकद और दुकान की अन्य जरूरी सामग्रियां भी समेट ली हैं। पीड़ित दुकानदार, जो ग्राम लाहकोठी के निवासी हैं, ने इस संबंध में कांड्रा थाना में सनहा दर्ज करने हेतु लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि इस चोरी से उनकी जीविका पर काफी बुरा असर पड़ा है। स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है और भुक्तभोगी ने प्रशासन से चोरों की गिरफ्तारी व सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है।
