
कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा पंचायत अंतर्गत कांड्रा स्टेशन चौक से स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। स्टेशन चौक के पास स्थित संतोष प्रमाणिक की दुकान के समीप मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बीच सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया है।
राहगीरों और यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
यह मार्ग कांड्रा का सबसे व्यस्ततम इलाका माना जाता है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्री इसी सड़क का उपयोग करते हैं। सड़क पर बहते नाली के गंदे पानी और उससे उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का पैदल चलना भी दूभर कर दिया है। राहगीरों को कीचड़ और गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
शिकायत के बाद भी विभाग बेखबर
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली की सफाई न होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ रहा है। विडंबना यह है कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।
ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
सड़क की इस दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि एक ओर जहां स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण जगह जाने वाली सड़क ‘पर गंदा पानी.ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की मरम्मत और सफाई कराई जाए ताकि इस स्थिति से निजात मिल सके।
