
नोवामुंडी कॉलेज– बुधवार, 13 मई। नोवामुंडी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के निर्देश पर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा “डिजिटल लोकतंत्र और सोशल मीडिया का भारतीय राजनीति पर प्रभाव” विषय पर एक दिवसीय विभागीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने की।
सेमिनार में कॉलेज के प्राचार्य सहित विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई। छात्र-छात्राओं में लक्ष्मी लागुरी, दिव्या होनहागा, डुम्बी पूर्ति, भूमिका गोप, पलक राय महतो, अर्पणा पोद्दार, जुली नायक एवं श्रुति ठाकुर प्रमुख रूप से उपस्थित थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल युग में लोकतंत्र, सोशल मीडिया तथा भारतीय राजनीति के बदलते स्वरूप से अवगत कराना था।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने कहा कि नए भारत के निर्माण में युवाओं की सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। आज सोशल मीडिया लोकतंत्र का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी बात सरकार और समाज तक आसानी से पहुँचा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के नकारात्मक पहलुओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि फेक न्यूज, अफवाह, साइबर अपराध तथा भ्रामक सूचनाएँ समाज और लोकतंत्र दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। इसलिए विद्यार्थियों को सत्य एवं विवेकपूर्ण जानकारी पर ही विश्वास करना चाहिए।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल लोकतंत्र ने भारतीय राजनीति में व्यापक परिवर्तन लाया है। आज राजनीतिक दल, सरकारें और आम नागरिक सोशल मीडिया के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है, किन्तु फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की आवश्यकता है।
आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर सह अंग्रेजी विभागाध्यक्ष कुलजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया ने युवाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाया है। वर्तमान समय में विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय खुलकर व्यक्त कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। सेमिनार का समापन राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. क्रांति प्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
मौके पर सहायक प्राध्यापक साबिद हुसैन, तन्मय मंडल, दिवाकर गोप, नरेश कुमार पान, भवानी कुमारी, लक्ष्मी मोदक, शांति पूर्ति, सुमन चातोम्बा, हीरा चातोम्बा, मंजू लता सिंकु सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
