
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी बाजार में तीन दिनों से चल रहे अखंड हरि संकीर्तन का सोमवार सुबह 8 बजे श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हुआ। समापन के बाद कीर्तन मंडली एवं स्थानीय पुरोहितों के नेतृत्व में भव्य नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें पूरे बाजार क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
नगर भ्रमण के दौरान कीर्तन मंडली ने बाजार की सभी दुकानों का दौरा किया। जगह-जगह दुकानदारों ने भगवान की तस्वीर पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और चढ़ावा अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच चॉकलेट वितरण भी किया गया, जिसे लेने के लिए बच्चों, महिलाओं और पुरुषों में खासा उत्साह देखने को मिला।
भ्रमण के उपरांत सभी श्रद्धालु पंडाल परिसर में एकत्र हुए, जहां पुरोहित द्वारा सिर पर दही की हांडी लेकर परिक्रमा कर उसे फोड़ा गया। इसके बाद दोपहर में महाभोग का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को सतनारायण कथा के आयोजन के साथ कीर्तन का विधिवत समापन हुआ।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में नौवामुंडी बाजार कीर्तन कमेटी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। कमेटी के प्रत्येक सदस्य ने दिन-रात मेहनत कर कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया। उनकी समर्पित मेहनत और सहयोग के कारण यह धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
