
संवाददाता, नोवामुंडी
लक्ष्मी मार्शल आर्ट कराटे दोजो के खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश में 1 मई से 3 मई तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कराटे फाइट लीग सीजन-5 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीतकर झारखंड राज्य, गुआ गांव और अपने दोजो का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 18+ काता प्रतियोगिता में कृष्ण मोदी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग के काता में अवनीश सिन्हा ने तृतीय स्थान हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता। 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के काता प्रतियोगिता में ओम चक्रवर्ती ने भी तृतीय स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इसके अलावा 10 से 11 वर्ष आयु वर्ग के कुमिते (फाइट) प्रतियोगिता में वैभव तेजस कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल मिलाकर छह ब्रॉन्ज मेडल जीतने में योगदान दिया।
खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय उनके कोच, 4th डन ब्लैक बेल्ट संशय लक्ष्मी प्रसाद को जाता है, जिनके मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत ने खिलाड़ियों को इस बड़े मंच पर सफलता दिलाई। खिलाड़ियों ने जीत का परचम लहराते हुए अपने कोच का मान-सम्मान भी बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
