
संवाददाता, नोवामुंडी
पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुंडी में शनिवार को बाल संसद चुनाव का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब में निर्मित ईवीएम मशीन का उपयोग कर छात्रों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
बाल संसद चुनाव में प्रधानमंत्री एवं सेनापति पद के लिए कुल छह-छह भैया-बहनों ने नामांकन दाखिल किया था। चुनाव से पूर्व दो दिनों तक उम्मीदवारों ने विद्यालय परिसर में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार भी किया, जिससे पूरे स्कूल में चुनावी माहौल देखने को मिला।

चुनाव के दिन वंदना सभा में गुरु मां द्वारा सभी विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके बाद तृतीय कालांश से कक्षा चतुर्थ से दशम तक के विद्यार्थियों ने पंक्तिबद्ध होकर मतदान कक्ष में प्रवेश किया और स्याही लगवाने के बाद ईवीएम मशीन के माध्यम से अपना मत दिया। ईवीएम मशीन में प्रत्याशियों के नाम और छायाचित्र अंकित होने से बच्चों को मतदान करने में विशेष सुविधा हुई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा पालित, विद्यालय कार्यकारिणी प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह तथा सचिव चितरंजन बेहरा ने भी मतदान कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं सेवक-सेविकाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निहुई।

पूरी चुनाव प्रक्रिया गायत्री सुलंकी दीदी, बैजंती दीदी एवं निकिता कुमारी दीदी की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
विद्यालय की यह पहल न केवल बच्चों को लोकतंत्र की बारीकियों से अवगत कराती है, बल्कि उनमें नेतृत्व, जिम्मेदारी और जागरूक नागरिक बनने की भावना भी विकसित करती है।
