
रिपोर्टर, नोवामुंडी
झारखंड के वेस्ट सिंहभूम जिले के नोवा मुंडी प्रखण्ड के गुवा जैसे छोटे से कस्बे से निकले लक्ष्मी मार्शल आर्ट अकादमी के सात जांबाज खिलाड़ी अब देश के सबसे बड़े कराटे मंच पर अपना दम दिखाने को तैयार हैं। 1 से 3 मई 2026 तक हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे कराटे फाइट लीग सीजन 5 जैसे इंटरनेशनल टूर्नामेंट में ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।

साधारण परिवारों से आने वाले ये बच्चे आज अपने हुनर और मेहनत के दम पर बड़े-बड़े शहरों और मंचों तक पहुंच चुके हैं। पिछले पांच वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए इस दोजो के खिलाड़ियों ने जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी अलग पहचान बनाईहैं।

इस सफलता के पीछे मजबूत स्तंभ हैं उनकी कोच लक्ष्मी कुमारी, 4th डन ब्लैक बेल्ट, जिनके मार्गदर्शन, अनुशासन और कड़ी ट्रेनिंग ने इन बच्चों को निखारकर चैंपियन बना दिया। उनकी ट्रेनिंग में तैयार ये खिलाड़ी आज आत्मविश्वास और जोश से भरे हुए हैं।
छोटे से गांव से निकलकर बड़े सपनों को सच करने की यह कहानी हर किसी को प्रेरित करती है। पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और सभी परिजन अपने बच्चों की जीत के लिए दुआएं कर रहे हैं।
यह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि उस जुनून की कहानी है जो बताती है—अगर हौसले बुलंद हों, तो छोटी जगह भी बड़े इतिहास रच सकती है।
