
कुटिंगता फुटबॉल मैदान आज षिरजोन 6.0 की सक्रियता और संकल्प का गवाह बना, जहां अध्यक्ष अमरजीत लागुरी की अगुवाई में मासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वे सभी सदस्य शामिल हुए जो जमीनी स्तर पर जुड़कर संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। करीब 5 घंटे तक चली इस विस्तृत चर्चा में संगठन को मजबूत और व्यापक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का मुख्य आकर्षण केन्द्रीय और जिला कमेटियों का विस्तार रहा, जिससे संगठन की संरचना को और सशक्त किया गया। इसके साथ ही यह ठोस निर्णय लिया गया कि अब हर प्रखंड में षिरजोन कमेटी का गठन किया जाएगा। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीम के सदस्यों को 5-5 के समूह में विभाजित कर 3-3 प्रखंडों में नई टीम तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन ने यह भी तय किया कि अगले महीने से बाजार व्यवस्था को फिर से व्यवस्थित तरीके से शुरू किया जाएगा। साथ ही, जातीय जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे। सदस्यता अभियान को तेज करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को षिरजोन से जोड़ने का भी संकल्प लिया गया।
इस वर्ष के लिए “शिक्षा” को मुख्य थीम घोषित करते हुए इस पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठन अब केवल विस्तार ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और विकास के मुद्दों पर भी मजबूती से काम करेगा।
कुल मिलाकर, कुटिंगता की यह बैठक षिरजोन 6.0 के लिए एक नई दिशा और नई ऊर्जा लेकर आई है, जो आने वाले समय में संगठन को और व्यापक व प्रभावशाली बनाएगी।
