
नोवामुंडी (संवाददाता): झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में नोवामुंडी के पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शनिवार को जारी परीक्षाफल में विद्यालय का दबदबा कायम रहा, जहाँ परीक्षा में शामिल हुए सभी 35 भैया-बहन प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी रहने से स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में खुशी की लहर है।

विद्यार्थियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर नज़र डालें तो जिया खातून ने कुल 469 अंक (93.80%) प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिया ने गणित में 98 और हिंदी में 95 अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, सब्जी विक्रेता की बेटी अंजलि पोद्दार ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 467 अंक (93.40%) के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया। श्वेता कुमारी 90% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं, जिन्होंने संस्कृत में 96 अंक अर्जित किए। इनके अलावा आरुषि सिन्हा (86%), आकाश बारिक (86%) और यशराज पोद्दार (85.20%) ने भी उत्कृष्ट अंक लाकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित गुरु माँ ने इस शानदार सफलता पर समस्त विद्यार्थियों और आचार्य-दीदी जी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का अनुशासन और शिक्षकों का समर्पण ही इस उपलब्धि का आधार है।

उन्होंने सभी उत्तीर्ण भैया-बहनों के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय की इस सामूहिक सफलता की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
