
चतरा। लिपदा स्थित विप्र भवन में आज ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर उपस्थित विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम का पूजन और अभिषेक किया गया। पूरा परिसर ‘जय परशुराम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम न्याय और साहस के प्रतीक हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज का कल्याण संभव है।

इस दौरान ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने एकता और सामाजिक सेवा का संकल्प लिया। पूजा के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर समाज के कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
