
टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का लोहा मनवाया है। बुधवार को घोषित सीबीएसई कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में विद्यालय के सभी छात्र सफल रहे। 15 अप्रैल को आए इस परिणाम ने न केवल विद्यालय प्रबंधन, बल्कि क्षेत्र के अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में उत्साह का संचार कर दिया है।


बेटियों ने गाड़े सफलता के झंडे
इस वर्ष परीक्षा में कुल 52 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से सभी ने सफलता प्राप्त की। परिणामों में छात्राओं का वर्चस्व देखने को मिला:

- प्रथम स्थान: शताक्षी राज (94%)
- द्वितीय स्थान: अदिति सिंह (93.6%)
- तृतीय स्थान: श्रीजा पॉल (90.8%)
विषयवार प्रदर्शन रहा उत्कृष्ट

टॉपर शताक्षी राज और अदिति सिंह ने संस्कृत विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शताक्षी ने अंग्रेजी और विज्ञान में 96-96 अंक हासिल किए, वहीं अदिति सिंह ने अंग्रेजी में 97 और सामाजिक विज्ञान में 97 अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीजा पॉल ने भी संस्कृत में 98 और अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान में 95-95 अंक हासिल किए।
शिक्षकों और अभिभावकों के समर्पण की जीत: प्राचार्या

विद्यालय की नवनियुक्त प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के अटूट समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का फल है। उन्होंने कहा, “हमारे शिक्षकों ने छात्रों को न केवल किताबी ज्ञान दिया, बल्कि उन्हें मानसिक और नैतिक रूप से भी तैयार किया, जिसके बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।”

परीक्षा नियंत्रक मानस रंजन मिश्रा और शिक्षक ज्योति साहू ने भी सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे नोवामुंडी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
