
चांडिल/सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के मानिकुई स्थित काटिया स्टेडियम ग्राउंड में एक ऐसी घिनौनी साजिश रची गई है, जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। यहाँ पिछले तीन वर्षों से प्रतिभाओं को निखार रहे आर्चरी प्रशिक्षण केंद्र में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने देर रात खिलाड़ियों के टारगेट बोर्ड को आग के हवाले कर दिया। सुबह जब खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे, तो वहां सिर्फ राख का ढेर मिला।

दोषियों की खैर नहीं: बुद्धेश्वर मंडल पहुंचे थाना
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक बुद्धेश्वर मंडल ने बिना देर किए चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यह हमला खेल के सामान पर नहीं, बल्कि उन गरीब और होनहार बच्चों के सपनों पर है जो यहाँ पसीना बहाकर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
मेडल की फैक्ट्री है यह मैदान
यह कोई सामान्य प्रशिक्षण केंद्र नहीं है। बुद्धेश्वर मंडल के नेतृत्व में यहाँ के तीरंदाजों ने जिला, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (International) फलक पर अपनी पहचान बनाई है। इस मैदान से निकले युवाओं ने आर्चरी के माध्यम से सरकारी नौकरियों में स्थान पाकर यह साबित किया है कि अगर अवसर मिले तो गाँव की प्रतिभा भी आसमान छू सकती है। लेकिन इस तरह की कायराना हरकत खिलाड़ियों के मनोबल को तोड़ने की एक नाकाम कोशिश है।
खिलाड़ियों में भारी आक्रोश
ग्राउंड में अभ्यास करने वाले दर्जनों युवाओं और स्थानीय खेल प्रेमियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। खिलाड़ियों का कहना है कि प्रशासन जल्द से जल्द इन ‘सफेदपोश’ अपराधियों या शरारती तत्वों को बेनकाब करे, वरना खिलाड़ी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
