
नोवामुंडी। संकटमोचन हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नोवामुंडी का पूरा परिक्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। क्षेत्र के विभिन्न हनुमान मंदिरों में शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जहाँ सुबह से ही बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

आयोजन के केंद्र में रहे डीवीसी हनुमान मंदिर में सुबह सात बजे पुजारी जयराम मिश्रा के सान्निध्य में मारुति नंदन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके उपरांत अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से जमशेदपुर (टाटा) से पंडित सुनील पांडे, अमित पांडे, बुंदेल पांडे, रोशन पांडेय और योगेंद्र पांडे पहुंचे हैं। दोपहर में आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में प्रदीप वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। मंदिर कमेटी ने बताया कि शुक्रवार को ही पाठ की पूर्णाहुति होगी, जिसके बाद शाम छह बजे टाटा से आई भजन मंडली द्वारा प्रभु के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। तत्पश्चात महाआरती और सात बजे महाभोग का वितरण किया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, बाजार परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भी जन्मोत्सव की भारी धूम रही। यहाँ श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा के समापन पर भक्तों के बीच भारी मात्रा में प्रसाद का वितरण किया गया।

इसी क्रम में थाना हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा का आयोजन हुआ, जिसमें रोहित अग्रवाल का सराहनीय योगदान रहा। यहाँ भी हनुमान चालीसा के पाठ के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा गया। इन तमाम आयोजनों को सफल बनाने में डीवीसी मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों सहित स्थानीय भक्तों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
