
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा बस्ती में रामनवमी का पावन पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कांड्रा बस्ती स्थित हनुमान मंदिर में श्री श्री युवक समिति के तत्वावधान में आज भव्य धार्मिक अनुष्ठान और महाभंडारे का आयोजन किया गया है।
आज महाभंडारा, शामिल होने की अपील:
श्री श्री युवक समिति के अध्यक्ष लालबाबू महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनवमी पूजा के शुभ अवसर पर आज मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारा आयोजित किया गया है। अध्यक्ष लालबाबू महतो ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और भक्तजनों से इस महाभंडारे में सपरिवार शामिल होने की भावपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी भक्तजन प्रभु का प्रसाद ग्रहण करने हेतु सादर आमंत्रित हैं।
कल निकलेगा भव्य अखाड़ा जुलूस:
अध्यक्ष लालबाबू महतो ने आगे बताया कि कल, 28 मार्च को कांड्रा बस्ती स्थित हनुमान मंदिर से श्री श्री युवक समिति कांड्रा बस्ती की ओर से भव्य रामनवमी अखाड़ा एवं जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय युवाओं द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अखाड़ा जुलूस के दौरान पारंपरिक कलाओं और शौर्य का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे कांड्रा बस्ती में भक्तिमय माहौल है। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से कल के जुलूस में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
