
नोवामुंडी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा जामदा (रूता गुट्टू) द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुटिगंता एवं पीएचसी नोवामुंडी में परिवार कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यक्रम में एएनएम संगीता कुमारी, रंजना कुमारी, बीटीटी (परिवार नियोजन) जानकी बांकिरा, सहिया शकुंतला बांकिरा एवं सस्मिता पुरती की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर योग्य दंपतियों, धात्री माताओं एवं गर्भवती महिलाओं के साथ परिवार नियोजन विषय पर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही उत्तर देने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बना रहा।

स्वास्थ्य कर्मियों ने परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, उनके लाभों तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को विस्तारपूर्वक साझा किया। साथ ही, स्वस्थ एवं संतुलित परिवार की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में परिवार कल्याण के प्रति सकारात्मक संदेश गया है और महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को नई दिशा मिली है।
