
नोवामुंडी संवाददाता,25 फरवरी: नोवामुंडी–डांगोवापोसी बाया कुटिंगता मार्ग पर बुधवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक संजय नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शाम लगभग 5:45 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संजय नायक बाइक से नोवामुंडी अपने घर की ओर जा रहा था, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुचीबेडा गांव के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। हालांकि एम्बुलेंस के पहुंचने में काफी विलंब होने के कारण घायल की स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने मानवीय पहल करते हुए उसे एक निजी कार से तत्काल अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया।ग्रामीणों की मदद से संजय को तत्काल (टीएमएच) नोवामुंडी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके सिर पर कई टांके लगाए। फिलहाल उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर निर्माण, नियमित पुलिस गश्ती और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न घट सके ।
