
नोवामुंडी संवाददाता,24 फरवरी:भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग तथा सबल नोवामुंडी एवं टीएसएफ नोवामुंडी की संयुक्त पहल से 21 फरवरी से 24 फरवरी तक चलाया गया वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस चार दिवसीय विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर जरूरतमंदों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम के दौरान नोवामुंडी बस्ती एवं बलिझारन पंचायत में कुल 67 वरिष्ठ नागरिकों को कमोड युक्त व्हीलचेयर, सिलिकॉन कुशन एवं छड़ी प्रदान की गई। वहीं कुल 7 पंचायतों में 359 वरिष्ठ नागरिकों के बीच सहायक उपकरण वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया।
इस अवसर पर टीएसएफ के कौसिक कुमार, कोटगढ़ पश्चिमी पीढ़ के मानकी सुरेंद्र चातोम्बा एवं सुमित्रा चातोम्बा, नोवामुंडी की पर्यवेक्षिका श्रीमती देवी, नोवामुंडी बस्ती की मुखिया सुनीता सुरेन, बलिझारन पंचायत के मुखिया रवि सामड, नोवामुंडी बस्ती के मुंडा मनवीर देव सुरेन, डूकासाई के मुंडा घासोवा बारजो सहित वार्ड सदस्य, सहिया एवं आंगनवाड़ी दीदी उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग को सम्मानजनक जीवन जीने में सहायक सिद्ध होते हैं। सहायक उपकरण मिलने से वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में सुविधा होगी तथा वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
कार्यक्रम की सफलता में सभी पंचायतों के मुखिया, उनकी टीम, लाभुकों एवं उनके एस्कॉर्ट्स का विशेष योगदान रहा।
