
जमशेदपुर। करीम सिटी कॉलेज साकची, जमशेदपुर के गाइडेंस एंड काउंसलिंग विभाग में PGDGC (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग) के प्रथम सत्र 2022-2023 के छात्र-छात्राओं को विदाई दी गई। इस अवसर पर कॉलेज ऑडिटोरियम में एक समारोह आयोजित हुआ जिसके मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज थे।सभा को प्रारंभ करते हुए गाइडेंस एंड काउंसलिंग विभाग के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ जकी अख्तर ने बताया कि यह 50 छात्र छात्राओं का प्रथम बैच है जो आज यहां से सफलता पूर्वक PGDGC की डिग्री लेकर जा रहा है। इस बैच के कई छात्र-छात्राओं का कोर्स करते हुए कैंपस सिलेक्शन हो गया और बाकी जो लोग हैं वे अपने-अपने क्षेत्र में संतोषजनक काम करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कोर्स के कर लेने के बाद हॉस्पिटल, कम्युनिटी सेंटर तथा स्कूलों, कॉलेजों जैसी संस्थानों में सेवा की अपार संभावनाएं हैं। वे स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस भी कर सकते हैं और तनाव ग्रस्त नौजवानों को सहायता पहुंचा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस कोर्स के लिए

योग्यता केवल स्नातक है अर्थात साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स किसी भी विषय में स्नातक करने के बाद पीजीडीजीसी का कोर्स किया जा सकता है। यह मात्र एक साल का कोर्स है जो कोल्हन विश्वविद्यालय के अंतर्गत करीम सिटी कॉलेज में चलाया जा रहा है।मुख्य अतिथि डॉ मोहम्मद रेयाज ने सभा को संबोधित करते हुए 50 छात्र छात्राओं के इस बैच को अपनी दुआओं से नवाजा तथा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के तनाव भरे समय में काउंसलर की सख्त आवश्यकता है। विशेष रूप से नवी दसवीं क्लास या इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए। क्योंकि उन्हें मार्गदर्शन तथा समस्या निवारक की सख्त जरूरत होती है। मेरा तो मानना है कि हर विद्यालय में कम से कम एक काउंसलर तो होना ही चाहिए।इस अवसर पर बैच के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम मंच पर प्रस्तुत किए तथा उन्होंने अपने अपने विचार भी साझा किए। रजनी शर्मा क्वीन ऑफ़ द बैच चुनी गई। कोहली चक्रवर्ती एवं श्वेता पांडे ने सभा का संचालन किया तथा गाइडेंस एंड काउंसलिंग विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ एस पण्डा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ फखरुद्दीन अहमद डॉ एजाज अहमद डॉ तुफैल अहमद, डा उधम सिंह तथा प्रोफेसर मोहम्मद ईसा के अलावा कई शिक्षकों ने सभा में उपस्थित होकर सभा का सम्मान बढ़ाया।
