
. नोवामुंडी कॉलेज- नोवामुंडी कॉलेज में मंगलवार 24 सितंबर को प्राचार्य डॉ मनोजित विश्वास की अध्यक्षता में एनएसएस (नेशनल सर्विस स्कीम)का 55 वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मौके पर छात्र-छात्राओं ने एनएसएस के बैनर तले महाविद्यालय परिसर की साफ सफाई भी की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्राचार्य ने एनएसएस का इतिहास बतलाते हुए कहा कि आज के ही दिन 24 सितंबर को स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा के विचार से युवा छात्रों के व्यक्तित्व और चारित्रिक विकास के उद्देश्य से इस योजना की स्थापना की गई थी। समय परिवर्तन के साथ आज यह अखिल भारतीय कार्यक्रम बन गया है जो देशभर के सभी राज्यों के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के लिए शैक्षणिक दृष्टिकोण से अभिन्न अंग बन गया है। उन्होंने एनएसएस इकाई में सम्मिलित सभी छात्रों को विश्वविद्यालय से मिलने वाले सभी लाभों की चर्चा की। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ मुकेश कुमार सिंह ने एनएसएस के आदर्श वाक्य – ‘ मैं नहीं आप ‘ पर उदाहरण पेश करते हुए कहा कि हमें केवल अपने लिए नहीं ब्लकि दूसरों के हितों के लिए भी सोचना चाहिए।

वास्तव में सच्चा मनुष्य वही है जो सदैव निःस्वार्थ सेवा भाव से दूसरों की सहायता करता है। डॉ मुकेश ने कॉलेज में अध्ययनरत बी ए सेमेस्टर वन के विद्यार्थियों को सूचित करते हुए कहा कि एनएसएस इकाई में अपनी सदस्यता ग्रहण करने वाले इच्छुक छात्र- छात्राएं अपना रजिस्ट्रेशन करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर प्राचार्य सहित कॉलेज के प्रोफेसर कुलजिंदर सिंह, डॉ मुकेश सिंह, साबिद हुसैन, राजकरण यादव, भवानी कुमारी, सुमन चातोम्बा एवं काफी संख्या में छात्र – छात्राएं उपस्थित थे।

