
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 5 स्थित गम्हरिया में जिंदल कंपनी की ओर से पेयजल पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे को नहीं भरने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इसके साथ ही कई सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। उसमें पाइप तक नहीं डाला गया है। लोगों ने बताया कि जिंदल कंपनी की ओर से आनन फानन में सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। अगर जगह जगह रीस्टोरेशन किया भी गया है तो वह काफ़ी घटिया स्तर से होने के कारण सड़कों पर गड्ढे उग आए हैं। इसमें बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। वाणी विद्या मंदिर स्कूल रोड से सटे आदर्श नगर फेज टू की कई सड़कों को सही ढंग से रीस्टोरेशन नहीं किया गया है। इधर वाणी विद्या मंदिर स्कूल के सामने से भलोटिया रोड को जोड़ने वाली सड़क में बनाए गए ड्रेनेज में ढक्कन नहीं रहने से रोज दुर्घटनाएं घट रही है।

इस मार्ग पर ड्रेनेज का ढक्कन के लिए कई बार नगर निगम का ध्यान आकृष्ट कराया गया परन्तु कोई फायदा नहीं हुआ है। इस मामले को लेकर समाज सेवी निशा सिंह ने नगर निगम कार्यालय को इस महत्वपूर्ण समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि प्रशासक के नहीं रहने से उनकी अनुपस्थिति में कनीय अधिकारियों से ढक्कन लगाने की गुहार लगाई गई है। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 5 की समस्याओं को लेकर शीघ्र ही पांच सूत्री ज्ञापन प्रशासक को सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
