
जमशेदपुर। सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से बीबीआईसी फाउंडेशन अपने पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को ‘सोशल इन्फ्लुएंसर मीट–एक संगम’ का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में सोशल इन्फ्लुएंसर और समाजसेवी एक मंच पर जुटकर सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। बीबीआईसी फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक बिरसा नगर स्थित फाउंडेशन कार्यालय में होगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में फाउंडेशन की ‘बुनियाद’ परियोजना के माध्यम से सरकारी विद्यालयों और वंचित समुदायों के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य को भी प्रमुखता दी जाएगी।बीबीआईसी फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य सोशल मीडिया की ताकत को सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों से जोड़ना है, ताकि समाज के विकास में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। ‘एक संगम’ कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी, सामूहिक प्रयास और बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

