
नोवामुंडी। बुधवार को नोवामुंडी कॉलेज के अंबेडकर हॉल में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जीविका एवं जीवन मार्गदर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिगेडियर श्री जितेंद्र शेखावत ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ नोवामुंडी कॉलेज समिति के सदस्य श्री सनत प्रधान द्वारा ब्रिगेडियर श्री जितेंद्र शेखावत को बुके एवं मोमेंटो देकर सम्मानित करने के साथ हुआ। वहीं श्री संजीव डोगरा को कॉलेज के प्रोफेसर धनिराम महतो ने बुके एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर टाटा स्टील के सिक्योरिटी इंचार्ज श्री प्रकाश मिश्रा भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर श्री जितेंद्र शेखावत ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के दौरान ही अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक सहित किसी भी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए आवश्यक योग्यता और लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण होना जरूरी है।उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासन, परोपकार की भावना, सकारात्मक सोच, समय की पाबंदी और कठिन परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है।उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति एवं सहयोग के लिए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक साबिद हुसैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने किया। मौके पर कॉलेज के सहायक प्राध्यापक पी.एन. महतो, साबिद हुसैन, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, धनिराम महतो, नरेश पान, तनमय मंडल, भवानी कुमारी, सुमन चातोम्बा, शान्ति पुरती सहित अन्य शिक्षक- शिक्षकेत्तर कर्मचारियों सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
