
संवाददाता संचार भारत न्यूज़
नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन, चाईबासा के निर्देश पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को नोवामुंडी कॉलेज के अंबेडकर हॉल में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास द्वारा अतिथियों को बुके देकर स्वागत करने के साथ किया। उन्होंने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा कभी भी और किसी भी रूप में आ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में जागरूकता, सतर्कता और सही समय पर उठाए गए कदम लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सीखे गए उपायों को व्यावहारिक रूप से समझना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में वे स्वयं सुरक्षित रह सकें और दूसरों की मदद भी कर सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों का आकलन करना तथा छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक और प्रशिक्षित करना था।
इस दौरान कमांडर श्री कवि रंजन ने छात्र-छात्राओं को बाढ़, भूकंप, सड़क दुर्घटना और सर्पदंश जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने संकट के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और तत्परता से काम लेने पर जोर दिया। उन्होंने हृदयाघात के समय बडों, नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों को सीपीआर देने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया। इसके अलावा, भूकंप या दुर्घटना के समय उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को अस्थायी स्ट्रेचर बनाने, घायल व्यक्ति को उस पर सुरक्षित तरीके से ले जाने तथा सीपीआर देने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी, प्रशासनिक समन्वय और राहत-बचाव कार्यों के महत्व को समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास से आपदा के समय जान-माल की क्षति को कम करने तथा प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक साबिद हुसैन ने किया। इस अवसर पर कमांडर श्री कवि रंजन, कांस्टेबल श्री राजीव कुमार, श्री अभिषेक कुमार, श्री ऋषिकेश कुमार ,श्री कुलदीप कुमार एवं कॉलेज के प्रो. कुलजिंदर सिंह, नरेश कुमार पान, तन्मय मंडल, शांति पुरती, हीरा चातोम्बा सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
