
नोवामुंडी: जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नोवामुंडी प्रखंड की दिरीबुरु पंचायत स्थित सिंदरीगुई गांव में पिछले कुछ दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इससे गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने इस समस्या की जानकारी कांग्रेस जिला महासचिव सूरज चाम्पिया को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरज चाम्पिया ने पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सोनाराम सिंकु जी को इसकी जानकारी दी।
विधायक सोनाराम सिंकु के प्रयास से संबंधित विभाग के माध्यम से गांव में 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इससे ग्रामीणों को बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने इस दिशा में पहल करने के लिए विधायक सोनाराम सिंकु के प्रति आभार व्यक्त किया।
