
कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा अंतर्गत पिंड्राबेड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू खेल गांव में शनिवार को आजाद क्लब, पिंड्राबेड़ा के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ का उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कांड्रा थाना के प्रभारी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संतोष सेन एवं गम्हरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख सह झारखंड आंदोलनकारी रामदास टुडू ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान दोनों अतिथियों ने फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता की शुरुआत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।10 और 11 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये, उपविजेता को 80 हजार रुपये तथा तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क 8 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर संतोष सेन ने कहा कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
वहीं, गम्हरिया प्रखंड पूर्व प्रमुख सह झारखंड आंदोलनकारी रामदास टुडू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह सराहनीय है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है और उनकी प्रतिभा निखरती है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा, 12 अक्टूबर को 40 प्लस अथवा 80 किलोग्राम वर्ग की एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें आठ टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता के विजेता को 25 हजार रुपये तथा उपविजेता को 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड प्रस्तुत करना और वजन कराना अनिवार्य होगा।
