
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। टाटा स्टील में अक्टूबर माह को वॉलंटियरिज्म माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान कंपनी के विभिन्न विभागों के कर्मचारी सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में टाटा स्टील नोवामुंडी की एलआरपी (LRP) टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर सराहनीय पहल की है।टीम के सदस्यों ने नोवामुंडी बाजार स्थित फ्लाईओवर के दोनों टर्निंग पॉइंट पर रेडियम लगाया। इस पहल का उद्देश्य रात के समय फ्लाईओवर से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के चालकों को पहले से ही मोड़ की जानकारी मिल सके और वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाते हुए संभावित दुर्घटनाओं से बच सकें।फ्लाईओवर के दोनों छोर पर लगाए गए रेडियम अंधेरे में वाहनों की रोशनी पड़ते ही चमकेंगे,

जिससे वाहन चालकों को टर्निंग पॉइंट का स्पष्ट संकेत मिलेगा। इससे तेज रफ्तार वाहनों को मोड़ पर सावधानी बरतने में मदद मिलेगी और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।एलआरपी टीम के सदस्यों ने बताया कि वॉलंटियरिज्म माह के तहत किया गया यह छोटा प्रयास सड़क पर लोगों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। टीम का उद्देश्य सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ लोगों को ‘सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें’ का संदेश देना है।इस सामाजिक कार्य में एलआरपी टीम के चंद्रशेखर सिंह, अभिषेक उरांव, रितेश गोप, दीपक महतो, अमरिंदर, रियाज, नजरेश, जयदीप और इरशाद आलम सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

टीम की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि फ्लाईओवर के टर्निंग पॉइंट पर रेडियम लगाए जाने से रात में वाहन चालकों को काफी सुविधा होगी और दुर्घटना की संभावना काफी कम होगी
