
प्रतिनिधि, नोवामुंडी आहार दिवस के अवसर पर एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने बड़ा जामदा हॉस्पिटल चौक के पास पीडीएस राशन डीलर जितेंद्र बोबोंगा की दुकान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर राशन मिलने की स्थिति की जानकारी ली।मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन मिलता है और राशन लेने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होती।

लोगों से मिली जानकारी के बाद एलआरडीसी ने राशन वितरण व्यवस्था को लेकर डीलर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने सभी पीडीएस डीलरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराएं और किसी भी कार्डधारी को परेशान न करें। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लाभुकों को सरकारी योजना का लाभ सहज रूप से मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सभी पीडीएस दुकानों का बारी-बारी से निरीक्षण किया जाएगा, ताकि राशन वितरण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित डीलरों को व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा लाभुकों के साथ उचित व्यवहार करने का निर्देश दिया गया।
