
जिला प्रशासन ने एनआरईपी विभाग को प्राक्कलन तैयार करने का दिया निर्देश, कनीय अभियंता ने स्थल पर पहुंचकर की नापी-जोखी
संवाददाता – संचार भारत न्यूज़
नोवामुंडी – जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नोवामुण्डी प्रखंड के दिरीबुरु पंचायत स्थित सिंदरीगुई गांव में खराब पुलिया के कारण ग्रामीणों को पिछले कई महीनों से आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इस समस्या से जगन्नाथपुर विधायक सह कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री सोनाराम सिंकु को अवगत कराते हुए पुलिया का निर्माण कराने की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने जिला प्रशासन के समक्ष मामले को प्रमुखता से रखते हुए खराब पुलिया के स्थान पर नए पुलिया का निर्माण कराने की मांग की। विधायक के प्रयास के बाद जिला प्रशासन द्वारा मामले में पहल करते हुए एनआरईपी विभाग को पुलिया निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
इधर, जिला प्रशासन के निर्देश के बाद एनआरईपी विभाग के कनीय अभियंता ने कार्यस्थल पर पहुंचकर खराब पुलिया एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा पुलिया निर्माण के लिए आवश्यक नापी-जोखी की। विभाग द्वारा अब प्राक्कलन तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ज्ञात हो कि सिंदरीगुई में पुलिया खराब होने के कारण ग्रामीणों के आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। बरसात के दौरान समस्या और भी बढ़ गई थी। ग्रामीणों द्वारा विधायक सोनाराम सिंकु को इसकी जानकारी दिए जाने के बाद विधायक ने जिला प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की थी।
विधायक के प्रयास से पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने विधायक सोनाराम सिंकु के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही प्राक्कलन की प्रक्रिया पूरी कर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव सूरज चम्पिया और कांग्रेस प्रखंड महासचिव दानिश हुसैन उपस्थित थे
