
संवाददाता संचार भारत न्यूज़
नोवामुंडी, पश्चिम सिंहभूम। टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) एवं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य और बच्चों के समुचित विकास में पोषण की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी बेहतर पढ़ाई की मजबूत नींव सही पोषण से ही तैयार होती है। बचपन में अपनाई गई स्वस्थ खान-पान की आदतें जीवनभर स्वास्थ्य की दिशा तय करती हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से घर में बने पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने तथा जंक फूड से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा एवं गरम भोजन का महत्व, बच्चों के शुरुआती विकास में पोषण की भूमिका और सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। शिक्षिका अंतरा चौधरी ने नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हरी सब्जियों तथा प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम संयोजिका अंजू महतो ने बताया कि माहभर चलने वाले अभियान को विभिन्न गतिविधियों में बांटा गया है। इसमें पर्याप्त प्रोटीन एवं संतुलित आहार, ताजा गरम भोजन, सामुदायिक जिम्मेदारियां, पोषण का सही समय तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसे विषय शामिल हैं। अभियान में नर्सरी से कक्षा दो तक के 236 बच्चों एवं अभिभावकों ने भाग लिया।

छात्रों ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और विचार-विमर्श के माध्यम से पोषण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका बी. सुजाता पॉल ने किया। समारोह का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।
