
नोवामुंडी संवाददाता, 1 अक्टूबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र के अनुसूचित एवं पहाड़ी इलाकों में कथित अवैध खनन और अवैध पत्थर उत्खनन का मामला सामने आया है। इसे लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरिचरण सांडिल ने उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम को पत्र सौंपकर मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि नोवामुंडी थाना क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में लंबे समय से कथित रूप से अवैध खनन और पत्थर उत्खनन का कार्य चल रहा है। बंद पड़ी खदानों से भी अवैध तरीके से पत्थर निकाले जाने तथा सरकारी जमीन एवं वन क्षेत्र में खनन किए जाने की शिकायत पत्र के माध्यम से की गई है।हरिचरण सांडिल ने कहा कि नोवामुंडी क्षेत्र अनुसूचित जनजाति बहुल है और संविधान की पांचवीं अनुसूची एवं अनुच्छेद 244(1) के अंतर्गत विशेष प्रावधानों से जुड़ा क्षेत्र है। इसके बावजूद कथित अवैध खनन से ग्रामीणों की खेती योग्य भूमि, जलस्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ स्थानों पर ग्रामसभा की अनुमति के बिना खनन एवं पत्थर उत्खनन किया जा रहा है। कथित अवैध गतिविधियों में बाहरी लोगों के शामिल होने तथा इससे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की घटनाएं सामने आने की बात भी कही गई है।भाजपा एसटी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरिचरण सांडिल ने कहा कि यदि दस दिनों के भीतर जिला प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई नहीं की जाती है, तो पूरे मामले की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।उन्होंने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित अवैध खनन एवं पत्थर उत्खनन में शामिल लोगों के साथ-साथ संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, डीएफओ दक्षिण वन प्रमंडल, जिला खनन पदाधिकारी तथा पुलिस उपाधीक्षक को भी दी गई है।
