
कांड्रा। कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर रायपुर गांव के समीप बुधवार को सड़क किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को सड़क से उठाकर अपने निजी वाहन से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया।
घायल युवक के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी है और शरीर से खून निकल रहा था। पुलिस घायल युवक को अपने वाहन से लेकर जा ही रही थी कि इसी दौरान मौके पर जेआरडीसीएल की एंबुलेंस पहुंच गई। इसके बाद घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। घायल युवक की पहचान और उसके पते की जानकारी भी अब तक नहीं मिल पाई है। वहीं, कांड्रा पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस की तत्परता से घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
