
प्रतिनिधि, नोवामुंडी टाटा स्टील परिसर के संग्रामसाई स्थित सेंट मेरी स्कूल के मुख्य मार्ग की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है.स्कूल से करीब 200 मीटर तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं.बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक, स्कूल के कर्मचारी और आम राहगीर आवागमन करते हैं।

सड़क पर बने गड्ढों के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ता है। बारिश के दौरान पानी जमा होने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल मार्ग होने के कारण सड़क की स्थिति पर संबंधित विभाग को ध्यान देना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार गड्ढों की मरम्मत कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों, अभिभावकों और अन्य राहगीरों को आवागमन में सुविधा हो सके।लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क की मरम्मत कराएगा और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
