
नोवामुंडी। सोमवार, 28 सितंबर को राष्ट्रीय हिन्दी दिवस पखवाड़े के अवसर पर नोवामुंडी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के निर्देशानुसार हिन्दी विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दी विभागाध्यक्ष साबिद हुसैन ने की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में छात्र- छात्राओं में सृष्टि ठाकुर, पूजा कैवर्त, सुनैना सामद, छवि प्रधान, राधिका हेम्ब्रम, आरती दास, पायल बेहरा, प्रीति प्रधान, सानिया बेहरा, पूजा कुमारी, अपर्णा पोद्दार, जुली नायक, जिया शर्मा, लक्ष्मी कुमारी यादव, बेबो गुप्ता, बासमती मुर्मू , जयराज सवैय्या, मंगल सिंकु आदि ने हिन्दी दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।छात्र-छात्राओं ने कहा कि हिन्दी केवल संवाद की भाषा नहीं,


बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों और लोगों को जोड़ने वाली भाषा है। हिन्दी के प्रति सम्मान और इसके प्रयोग को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा के साथ हिन्दी का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है।इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष साबिद हुसैन ने कहा कि हिन्दी हमारे भावों और विचारों को सहज रूप से व्यक्त करने वाली भाषा है। हिन्दी को मजबूत बनाने के लिए केवल हिन्दी दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमें अपने दैनिक जीवन में भी हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी पढ़ने, लिखने और बोलने के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक परमानंद महतो, कुलजिंदर सिंह, तन्मय मंडल, नरेश पान, सरोज प्रधान आदि ने भी हिन्दी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हिन्दी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा भाषा के शुद्ध और सहज प्रयोग के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन हिन्दी विभाग की शिक्षिका भवानी कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राजकरण यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
