
आदित्यपुर। आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 18 स्थित आजाद मैदान में आदिवासी कल्याण समिति कुलुप्तंगा की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक फुटबॉल टूर्नामेंट में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह बतौर अतिथि शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।

पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि कोल्हान की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है और यहां के युवाओं में अपार क्षमता है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।

उन्होंने कहा कि आजाद मैदान के सर्वांगीण विकास और इसे सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे।

टूर्नामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता को 70 हजार रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 50 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा तृतीय व चतुर्थ स्थान की टीमों को 25-25 हजार रुपये व ट्रॉफी दी जाएगी।

मौके पर वार्ड पार्षद वेदना गोप, संगीता सामड, बैजंती बारी, पूर्व पार्षद नायकी हेम्ब्रम समेत समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।
