
कांड्रा। कांड्रा पंचायत के बीडीओ कॉलोनी में नाली की समुचित निकासी नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाली का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर जमा होकर तालाबनुमा स्थिति में पहुंच गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या केवल बारिश के दौरान ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी बनी रहती है। घरों के पानी की निकासी के लिए भी समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार पानी घरों में घुस जाता है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मुख्य मार्ग पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण उसमें मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और पानी सड़ने से दुर्गंध भी फैल रही है। इससे आसपास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, वे कई बार संबंधित जिम्मेदार लोगों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। समस्या जस की तस बनी रहने से ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द नाली की निकासी और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
