
रांची, 11 सितंबर। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफे केवल झारखंड के पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर, श्रम और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण, ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के बाद उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। पलाश के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को बेहतर बाजार, पहचान और उचित मूल्य दिलाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि अगले चरण में पलाश मार्ट की शुरुआत की जाएगी। रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर करने का लक्ष्य है। वहीं, भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि पलाश के ऐसे केंद्रों के विस्तार से स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को मजबूती मिलेगी।
मौके पर जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित जेएसएलपीएस के अधिकारी उपस्थित थे।
