
सरायकेला। सरायकेला अंचल अंतर्गत बांकसाई गढ़ में श्री श्री 108 श्री मां पाउड़ी देवी की वार्षिक जांताल पूजा 15 सितंबर को पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ आयोजित की जाएगी। पूजा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बांकसाई गढ़ राजघराने परिवार के सदस्य मनोज कुमार सिंहदेव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी जांताल पूजा में बांकसाई गढ़ के सभी 32 मौजा के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने सभी 32 मौजा के ग्रामीणों से पूजा में उपस्थित होकर मां पाउड़ी देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जांताल पूजा क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना को लेकर प्रतिवर्ष हर्षोल्लास और परंपरागत विधि-विधान के साथ आयोजित की जाती है। पूजा में आसपास के ग्रामीणों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी होने की उम्मीद है।
