
कांड्रा। सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर सोमवार को बिकानीपुर मोड़ के समीप धान लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वैन चालक सरायकेला की ओर से धान लेकर चौका की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बिकानीपुर मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे पलट गया। वाहन के पलटने से उसमें लदा धान भी प्रभावित हुआ।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक का हाल जाना। गनीमत रही कि वाहन सड़क के किनारे पलटा, जिससे मुख्य मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन और राहगीर इसकी चपेट में आने से बच गए। घटना में चालक समेत किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोड़ के आसपास वाहनों को सावधानी से चलाने की जरूरत है। अचानक वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद पिकअप वैन को सड़क किनारे से हटाने की कवायद की गई।
