
गम्हरिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर गम्हरिया प्रखंड के रापाचा ग्राउंड में प्रशिक्षक प्रदीप कुमार गुड्डू के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।बताते चलें कि कांड्रा डोकाकुली निवासी प्रशिक्षक प्रदीप कुमार गुड्डू पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के युवक, बालक एवं बालिकाओं को शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कई युवक-युवतियों ने मेहनत और लगन के दम पर सीआईएसएफ, आर्मी एवं होमगार्ड जैसी सेवाओं में सफलता हासिल की है। हाल ही में आयोजित उत्पाद सिपाही एवं होमगार्ड बहाली की दौड़ में भी प्रदीप कुमार गुड्डू से प्रशिक्षण प्राप्त पांच लड़कियों ने सफलता हासिल कर बहाली में अपना स्थान बनाया। इस उपलब्धि से प्रशिक्षक के साथ-साथ क्षेत्र का भी नाम रोशन हुआ है। खेल के क्षेत्र में भी प्रदीप कुमार गुड्डू की विशेष पहचान है। वह ताइक्वांडो एवं मार्शल आर्ट के बिहार और झारखंड स्टेट प्रशिक्षक एवं रेफरी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका कहना है कि युवाओं को सही दिशा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले, यही उनका उद्देश्य है।शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने प्रदीप कुमार गुड्डू के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और मेहनत से कई युवाओं को अपने लक्ष्य तक पहुंचने की प्रेरणा मिली है।
