
समाजसेवी रोशन प्रसाद साव के नेतृत्व में कांड्रा बाजार में धूमधाम से मनी कृष्ण जन्माष्टमी, भजन-कीर्तन व रंगारंग कार्यक्रम ने बांधा समां कांड्रा। कांड्रा बाजार स्थित नीलकंठ बाबा प्रांगण में जय शनिदेव पावन धाम के तत्वावधान में मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी रोशन प्रसाद साव ने किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। शाम को महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। इसके बाद बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रात में भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में जय शनिदेव पावन धाम के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
