
नोवामुंडी: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में 29 अगस्त 2026 को मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर अंतर-सदन डॉजबॉल टूर्नामेंट और एकल गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धा-सुमन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।प्रातःकालीन सभा में कक्षा 10 के छात्र संकल्प मिश्रा ने ध्यानचंद के जीवन और खेल के महत्त्व पर विचार रखे।

इसके बाद कक्षा 4 से 7 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित डॉजबॉल प्रतियोगिता में चारों सदनों (हंसराज, दयानंद, विरजानंद और श्रद्धानंद) के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट अनुशासन व खेल भावना का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में हंसराज हाउस ने प्रथम, दयानंद हाउस ने द्वितीय तथा विरजानंद हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में दयानंद हाउस ने प्रथम, विरजानंद हाउस ने द्वितीय और श्रद्धानंद हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संगीत विभाग और सीसीए प्रभारी डी. के. देव की देखरेख में आयोजित एकल गान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और प्रेरणादायक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।


प्राथमिक वर्ग (कक्षा 3 से 5) में दयानंद हाउस की अदिति चौधरी ने प्रथम, विरजानंद हाउस की काव्या नाग ने द्वितीय और इसी हाउस की परी ने तृतीय स्थान पाया। मध्य वर्ग (कक्षा 6 से 8) में हंसराज हाउस की शताक्षी मिश्रा प्रथम, श्रद्धानंद हाउस की मेधा पूर्ति द्वितीय और हंसराज हाउस की रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं।

उच्च वर्ग (कक्षा 9 से 12) में श्रद्धानंद हाउस की स्वीटी महापात्रो ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि दयानंद हाउस की प्रज्ञांश्री मिश्रा व विरजानंद हाउस की अंकिता बोईपाई संयुक्त रूप से द्वितीय और हंसराज हाउस की गर्विता मोहंती तृतीय स्थान पर रहीं।अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विजेता व प्रतिभागी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
