
नोवामुंडी संवाददाता,23 अगस्त। झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार, 24 अगस्त से करमपदा क्षेत्र में दावा एवं निपटारा कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक स्वयं अपनी टीम के साथ पिछले तीन दिनों से करमपदा क्षेत्र का लगातार दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।रविवार की छुट्टी के बावजूद बीडीओ पप्पू रजक अपनी टीम के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की तथा दावा-निपटारा प्रक्रिया को लेकर नागरिकों को जागरूक किया। बीडीओ ने कहा कि एसआईआर से संबंधित कार्य में किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि जिन मतदाताओं के नाम में किसी प्रकार की विसंगति, नो-मैपिंग अथवा अन्य त्रुटि है, वे अपने आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करें। दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक सुधार एवं दावा-निपटारा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बीडीओ ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए किसी भी पात्र नागरिक को इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रशासन की टीम को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि नाम एवं अन्य विवरण से संबंधित विसंगतियों का समय पर निराकरण किया जा सके।बीडीओ पप्पू रजक ने अपनी टीम के साथ बैठक कर अधिकारियों एवं कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए और पात्र मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाए।प्रशासन ने करमपदा क्षेत्र के सभी नो-मैपिंग एवं विसंगति वाले मतदाताओं से अपने आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने तथा 24 अगस्त को निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर दावा प्रस्तुत करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से एसआईआर की प्रक्रिया को सरल, सुगम और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
