
प्रतिनिधि, नोवामुंडी।सावन के अंतिम रविवार को नोवामुंडी की धरती शिवभक्ति के रंग में रंगने वाली है। बाबा मुर्गा महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लाखों की संख्या में कांवरियों के पहुंचने की संभावना है। रविवार की सुबह से ही पैदल, ट्रेन, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से शिवभक्त नोवामुंडी पहुंचेंगे। चारों ओर भगवा रंग, कंधों पर कांवर और जुबां पर ‘बोल बम… हर हर महादेव’ का जयघोष वातावरण को भक्तिमय बना देगा।

कांवरियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नोवामुंडी से लेकर बाबा मुर्गा महादेव मंदिर तक सेवा और सुविधा की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों, सेवा समितियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की ओर से जगह-जगह निशुल्क भंडारा, भोजन, पानी, चाय, शरबत और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

मुर्गा महादेव मंदिर में भी तैयारियां जोर-शोर परकांवरियों के स्वागत और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर बाबा मुर्गा महादेव मंदिर परिसर में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पूजा-अर्चना तथा जलाभिषेक को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित जलाभिषेक कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।सावन के अंतिम रविवार की रात से ही कांवरियों के जत्थे मंदिर की ओर बढ़ेंगे और सोमवार को बाबा मुर्गा महादेव का जलाभिषेक करेंगे। ऐसे में मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।शहर के कई हिस्सों में सजेंगे सेवा शिविरनोवामुंडी पथ निर्माण विभाग कार्यालय के समीप, बस स्टैंड में रोशन रोडवेज की ओर से, ओवरब्रिज पिलर नंबर 20 के समीप मां काली सेवा समिति एवं न्यू विकास समिति, नोवामुंडी कॉलेज के समीप तथा स्टेशन रोड में सचिन करनानी की ओर से सेवा शिविर लगाया जाएगा। संग्रामसाई में समाजसेवी साधू सिंह की सेवा समिति कांवरियों के लिए भंडारे और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करेगी।डीवीसी मुख्य चौक में मंगल सिंह सुरेन सेवा समिति तथा बापी मेडिकल के समीप बाजार सेवा समिति की ओर से कांवरियों को निशुल्क भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन शिविरों में दूर-दराज से आने वाले बोल बम और डाक बम कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे।कोल्हान ट्रक एसोसिएशन भी करेगा कांवरियों की सेवाकांवरियों की सेवा में कोल्हान ट्रक एसोसिएशन संघ भी पूरी तरह जुट गया है। पचाईसाई मुख्य मार्ग के किनारे संघ की ओर से सुबह से देर रात तक कांवरियों के लिए निशुल्क भोजन, पानी, चाय और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। संघ के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार तैयारियों में जुटे हैं।साधू सिंह की सेवा समिति का भंडारा रहेगा आकर्षण का केंद्रसंग्रामसाई में समाजसेवी साधू सिंह की सेवा समिति की ओर से लगाया जाने वाला भंडारा हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। साधू सिंह पिछले कई वर्षों से सावन के दौरान बोल बम और डाक बम कांवरियों की सेवा करते आ रहे हैं। इस बार भी कांवरियों के लिए भोजन और जरूरी सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है।इसी क्रम में विधायक सोना राम सिंकु की ओर से संग्रामसाई में बोल बम और डाक बम कांवरियों के लिए निशुल्क भंडारे का आयोजन किया गया है। वहीं ननकु गुप्ता सेवा समिति की ओर से कांवरियों के लिए गरमा-गरम मीठे दूध की व्यवस्था की गई है।चाईबासा से हाटगम्हरिया तक से पहुंचेंगे शिवभक्तरविवार की सुबह से नोवामुंडी की सड़कों पर कांवरियों की कतार नजर आने लगेगी। चाईबासा, सीनी, हाटगम्हरिया, झीकपानी, जगन्नाथपुर समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से शिवभक्त कांवर में जल लेकर पैदल बाबा मुर्गा महादेव मंदिर की ओर रवाना होंगे। सोमवार को श्रद्धालु बाबा मुर्गा महादेव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना और श्रद्धा अर्पित करेंगे।कांवरियों के जत्थों के साथ गूंजता ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ का जयघोष नोवामुंडी की फिजाओं को शिवमय कर देगा। भगवा वस्त्रों में सजे कांवरिये, कंधों पर कांवर और चेहरे पर भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था—यह दृश्य सावन के अंतिम रविवार को नोवामुंडी को एक विशाल शिवधाम का रूप देता नजर आएगा।रविवार की सुबह से सोमवार देर शाम तक नोवामुंडी में भक्ति, सेवा और आस्था की अनूठी तस्वीर दिखाई देगी। एक ओर बाबा मुर्गा महादेव के दरबार में जलाभिषेक के लिए उमड़ता जनसैलाब होगा, तो दूसरी ओर रास्ते भर सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं की सेवा करते लोग नजर आएंगे। सावन के अंतिम रविवार को नोवामुंडी में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ेगा, जहां हर कदम पर शिवभक्ति और हर जुबां पर सिर्फ एक ही उद्घोष सुनाई देगा—‘बोल बम… हर हर महादेव!’
