
जमशेदपुर के डिमना की हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 22 दिनों से जारी पेयजल संकट, फॉगिंग नहीं होने और कचरा उठाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष एवं जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरव विष्णु ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं, लेकिन प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगातार उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को इस तरह नजरअंदाज करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समिति के नेतृत्व में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
सौरव विष्णु के नेतृत्व में 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से सुमन होटल, बस स्टैंड के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान प्रशासन से हिल व्यू कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, तत्काल फॉगिंग कराने और नियमित रूप से कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की जाएगी। समिति ने आसपास के क्षेत्रवासियों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।
