
डिमना की हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 22 दिनों से पेयजल के कारण स्थानीय लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। पानी आता भी है तो बेहद कम मात्रा में, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है और लोगों की परेशानी और गंभीर हो गई है। इसी समस्या को लेकर हिल व्यू कॉलोनी के सभी लोग जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु से मिले और अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।सावन के इस पावन महीने में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति काफी रोष है। सौरभ विष्णु ने कहा कि हिल व्यू कॉलोनी में रहने वाले लोग अपर टैक्स स्लैब के अंतर्गत आते हैं और नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करते हैं। चाहे होल्डिंग टैक्स हो, इनकम टैक्स हो या जमीन से संबंधित राजस्व टैक्स—लोग सरकार को नियमित रूप से अपना कर देते हैं। इसके बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलना और लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण हिल व्यू कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। लोग शाम 5 बजे के बाद घर के बाहर बैठ भी नहीं पा रहे हैं। लगभग एक वर्ष पहले अंतिम बार फॉगिंग कराई गई थी, जिसके बाद अब तक कोई फॉगिंग नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि अधिकारियों और जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों का रवैया हिल व्यू कॉलोनी के प्रति पक्षपातपूर्ण है। न तो डीसी का बयान आया, न ही स्थानीय विधायक का बयान आया और न ही मानगो नगर निगम की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने आया। इतने दिनों से समस्या के बावजूद जवाबदेही किसकी है,ऐसा लग रहा है जैसे हिल व्यू कॉलोनी को सभी ने छोड़ दिया है।इसी कथित पक्षपात को लेकर हिल व्यू कॉलोनी के सभी लोग सौरभ विष्णु के आवास पर बैठक के बाद सभी की सहमति से हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व सौरभ विष्णु सौपा गया हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी बेहद गंभीर और चिंताजनक है तथा अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं हुई है। समिति के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं का समाधान कराया जाये गा।
