
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। सावन मास की पावन सप्तमी पर बुधवार को पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। भगवा वेशभूषा में कांवड़ उठाए बच्चों के ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नोवामुंडी क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर हो गया। विद्यालय परिसर से निकली यात्रा मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड और बाजार चौक होते हुए नोवामुंडी बाजार स्थित शिव मंदिर पहुंची। नन्हे कांवड़ियों की टोली के उत्साह और अनुशासन ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया।खराब सड़क भी नहीं रोक सकी आस्था

यात्रा के दौरान विद्यालय के मुख्य मार्ग पर जलजमाव और खराब सड़क के कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बच्चे पूरे जोश के साथ बोल बम का जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे।

शिव मंदिर पहुंचकर बच्चों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिका ने भक्ति भजन प्रस्तुत किया, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा पालित सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नन्हे कांवड़ियों की श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
प्रधानाचार्य सीमा पालित ने बताया कि विद्यालय की ओर से प्रत्येक वर्ष सावन माह में कांवड़ यात्रा निकाली जाती है।

इसका उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था, संस्कार और अपनी संस्कृति से जुड़ाव की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में श्रद्धा के साथ अनुशासन, सामूहिकता और सामाजिक सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है।
