
नोवामुंडी, 15 अगस्त 2026: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के प्रांगण में आज भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के बैंड ग्रुप द्वारा बिराज वर्मा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का भव्य और संगीतमय स्वागत किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि टाटा स्टील (ओ.एम.क्यू.), माइंस डिवीजन नोवामुंडी के चीफ (इंजीनियरिंग सर्विसेज) श्री नारायण शर्मा ने विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण किया।


ध्वजारोहण के उपरांत पूरा परिसर ‘जन-गण-मन’ की गूंज और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से सराबोर हो उठा।मुख्य अतिथि श्री नारायण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और अनुशासन ही राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार हैं तथा युवा पीढ़ी देश की वास्तविक शक्ति है। वहीं प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने और शहीदों के सपनों का भारत बनाने का अवसर है।


उन्होंने बच्चों को अनुशासित रहकर देश के विकास में अपना श्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रेरित किया।ध्वजारोहण, पद संचालन एवं अतिथियों के संबोधन के पश्चात् विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन यशिका दास और वैष्णवी ने कुशलतापूर्वक किया। विद्यार्थियों ने ओजस्वी भाषण देकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके अलावा, बच्चों द्वारा प्रस्तुत सुरीले देशभक्ति गीतों और मनमोहक सामूहिक नृत्यों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री सुरेश पंडा द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं आगत अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

इसके पश्चात् पारंपरिक शांतिपाठ और राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ, जिसके बाद सभी छात्र-छात्राओं के बीच मिठाई बांटी गई।इस अवसर पर विद्यालय के सभी कर्मचारी, अतिथिगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
